यूपी में सियासी हलचल तेज हो गई है। अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे। रामलला का दर्शन करेंगे। उनके साथ सांसद पत्नी डिंपल यादव भी होंगी। पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने दैनिक भास्कर को बताया कि सपा मुखिया पहले हनुमानगढ़ी, फिर राम मंदिर जाएंगे।

इधर, सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की PCS अफसर पत्नी अनुपमा राग ने नौकरी छोड़ दी है। अनुपमा यूपी सरकार में डिप्टी कमिश्नर (GST) के पद पर तैनात थीं। उन्होंने शुक्रवार को वीडियो जारी करके इस्तीफे की जानकारी दी।

माना जा रहा है कि अनुपमा राजनीति में एंट्री की तैयारी कर रही हैं। वह सीतापुर की सिधौली सीट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। अनुपमा पेशे से सिंगर भी हैं। उनकी मां सुशीला सरोज लखनऊ की मोहनलालगंज सीट से सांसद रह चुकी हैं।

अखिलेश अयोध्या जाएंगे, रामलला के दर्शन करेंगे; साधु-संतों से मुलाकात करेंगे

पूर्व मंत्री पवन पांडे ने बताया कि अखिलेश यादव राम मंदिर में दर्शन करने पहुंचेंगे। उनके साथ पत्नी डिंपल, बेटा और बेटी भी मौजूद रहेंगे। यह दौरा धार्मिक होगा। पूरा दिन वह अयोध्या में बिताएंगे। राम मंदिर में दर्शन करेंगे। हनुमानगढ़ी जाएंगे। साधु-संतों और महंतों से मुलाकात करेंगे।


भाजपा विधायक अनिल सिंह ने बयान से पीछे हटने से इनकार किया

उन्नाव में पुरवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अनिल सिंह एक बार फिर अपने जातिगत बयान को लेकर चर्चा में हैं। बयान पर उठ रहे सवालों के बीच उन्होंने शनिवार को साफ कहा कि वह अपने बयान से पीछे नहीं हटेंगे। विधायक ने कहा कि किसी भी जाति का व्यक्ति हो, यदि वह भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकाएगा या उनके साथ बदसलूकी करेगा तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


अनुपमा राग शास्त्रीय संगीत में पारंगत, बॉलीवुड में भी काम कर चुकीं

अनुपमा राग शास्त्रीय संगीत में प्रशिक्षित हैं। 2011 में फिल्म 'बिन बुलाए बाराती' के गाने 'शालू के ठुमके' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। राहत फतेह अली खान, मीका सिंह आदि के साथ काम किया है। अखिलेश यादव ने उन्हें यश भारती पुरस्कार से नवाजा था। वे खुद गाने लिखती हैं। कंपोज करती हैं। गाती हैं।


सिंधौली सीट पर ही क्यों लड़ सकती हैं अनुपमा? समझिए

  • सीतापुर जिले की सिधौली विधानसभा सीट सुरक्षित सीट है। अनुपमा के पति और सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया मूल रूप से सीतापुर के रहने वाले हैं। सिंधौली सीट लखनऊ बॉर्डर की सीट है। ये सीट लखनऊ के मोहनलाल गंज संसदीय सीट का भी हिस्सा है। ऐसे में अनुपमा को सिंधौली से चुनाव लड़ाने की चर्चा है।

  • सिंधौली से 2022 में सपा ने मनीष रावत का टिकट काट कर हरगोविंद भार्गव काे टिकट दिया था, लेकिन वे 96 हजार वोट पाकर भी चुनाव हार गए थे। टिकट कटने से नाराज मनीष रावत ने भाजपा जॉइन कर ली थी और वे करीब 8 हजार वोटों से चुनाव जीत गए थे। हार के बावजूद गोविंद भार्गव का टिकट काटना भी सपा के लिए आसान नहीं होगा।


सपा नेता ने अनुपमा राग से लव मैरिज की थी

अनुराग और अनुपमा ने 2006 में लव मैरिज की थी। दोनों की मुलाकात दिल्ली में यूपीएससी कोचिंग के दौरान हुई। दोनों का एक बेटा भी है।


रामगोपाल यादव बोले- महंगाई पर सरकार फेल

इटावा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा- "मैं हर साल धनतेरस के दिन चांदी के कुछ सिक्के खरीदता हूं। लेकिन इस बार मुझे पिछले साल की तुलना में बाजार में भीड़ कम दिखाई दी। पिछले साल इतनी भीड़ थी कि निकलना मुश्किल हो रहा था, जबकि इस बार मैं बहुत आसानी से खरीदारी करके बाहर आ गया। महंगाई का असर साफ दिखाई दे रहा है।''


लखनऊ में सपा दफ्तर के बाहर अखिलेश के समर्थन में पोस्टर लगा

लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यालय के बाहर पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के समर्थन में एक पोस्टर लगाया गया है, जिसमें 2027 में सवर्ण हिंदुओं के सहयोग से उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की बात कही गई है।


सपा नेता की अफसर पत्नी ने नौकरी छोड़ी, चुनाव लड़ने की तैयारी

पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल के बाद यूपी सरकार में डिप्टी कमिश्नर (GST) के पद पर तैनात रहीं PCS अधिकारी अनुपमा राग ने अपने पद और नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों की मानें तो वह राजनीति में अपनी नई पारी शुरू करने जा रही हैं।


विधायक प्रतीक भूषण बोले- यूसीसी पर अमित शाह के साथ हूं

भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने कहा- अमित शाह ने पूरे देश में जल्द से जल्द समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की इच्छा जताई है। उन्होंने जो कहा है वह बिल्कुल सही है, और मैं भी इसका समर्थन करता हूं।