राजस्थान का हवा की क्वालिटी दिवाली से पहले ही खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। शनिवार (7 नवंबर) सुबह भिवाड़ी (खैरथल-तिजारा) में हवा की क्वालिटी बहुत खराब वाले स्तर (300 से ऊपर) पर थी।

इसी दिल्ली के अलग-अलग एरिया में भी हवा की क्वालिटी बहुत खराब वाले लेवल पर थी। भिवाड़ी के अलावा जयपुर, अलवर, बीकानेर जैसे जिलों में भी हवा का क्वालिटी खराब (200-300 के बीच) वाले लेवल पर थी।

वहीं, शुक्रवार के पूरे प्रदेश में दिन में हल्की गर्मी है। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में तापमान 35 से 38 डिग्री के बीच बना रहा। हालांकि रात के तापमान में बीते एक सप्ताह में गिरावट आई है।

शुक्रवार को अजमेर सहित कई जिलों में हल्के बादल छाए रहे। अलवर में सुबह कोहरा रहा। मौसम विभाग ने राज्य में अगले तीन दिन तक प्रदेश के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने के संकेत दिए हैं।


प्रदूषण के कारण बिगड़ रहे हालात

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) से लगते जिलों में प्रदूषण के कारण सर्दी की शुरुआत में हालात बिगड़ गए है। बीते एक सप्ताह से भिवाड़ी, अलवर सहित दूसरे एरिया में तेजी से हवा की क्वालिटी खराब हुई है। शनिवार सुबह भिवाड़ी में दिल्ली के आनंद विहार सहित दूसरे इलाकों जैसा प्रदूषण लेवल था। दिवाली के दिन और उसके बाद प्रदूषण का स्तर और खराब होने की आशंका है। यहां लोगों को सांस लेने तक में परेशानी हो रही है।

माउंट आबू सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में रही। यहां दिन का तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बाड़मेर के अलावा जोधपुर, जैसलमेर, चित्तौड़गढ़, पाली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। रात में सबसे ज्यादा सर्द माउंट आबू रहा। यहां न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। माउंट आबू के अलावा सीकर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

अब आगे क्या?

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। इस दौरान दिनभर धूप रहने और कुछ शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।


राजस्थान के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल

जयपुर: शुक्रवार को दिनभर आसमान साफ रहा। दोपहर बाद कई इलाकों में आसमान में हल्की धुंध बढ़ने लगी। अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने जयपुर में अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है।


उदयपुर: दिन में तेज धूप और हल्की गर्मी महसूस हुई। सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में आए इस बदलाव से दिन और रात के तापमान में करीब 19 डिग्री का अंतर आ गया है।


अजमेर: शुक्रवार को मौसम साफ रहा। शहर में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय हल्की ठंडक रही, जबकि दिन में धूप के कारण गर्मी का असर बना रहा। शाम होते ही तापमान में गिरावट से सर्दी महसूस हुई।


अलवर: सुबह से मौसम सामान्य बना रहा। सुबह हल्की धुंध रही। न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री के आसपास बना हुआ है। दिन में धूप निकलने से गर्मी रही। शुक्रवार दोपहर अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में तापमान में फिर से गिरावट आने की संभावना है।


कोटा: शुक्रवार को दिनभर आसमान साफ रहा। अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार नवंबर के दूसरे सप्ताह में रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की संभावना है।


जोधपुर: नवंबर के महीने में भी दिन के समय हल्की गर्मी का असर बना हुआ है। शुक्रवार को जोधपुर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है।


सीकर: शुक्रवार दिनभर मौसम सामान्य रहा। दोपहर बाद कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए। फिलहाल सीकर के मौसम में खासा बदलाव नहीं हो रहा है। अगले 2 दिन में तापमान स्थिर रहने की संभावना है। सीकर में पिछले एक सप्ताह से मौसम ड्राई बना हुआ है।