बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट के 10वें एडिशन में शनिवार को मुंबई के जियो वर्ल्ड गार्डन्स में नेशनल अवॉर्ड विनर सिंगर शिल्पा राव की परफॉर्मेंस अचानक रोक दी गई।

शिल्पा का माइक दो बार बंद किया गया। परफॉर्मेंस के दौरान मेन स्टेज की लाइट बंद कर दी गई और उसी समय दूसरे स्टेज पर सिंगर कुटले खान का शो शुरू हो गया।

बाद में शिल्पा ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि इस तरह की घटना से दुख होता है। वहीं, घटना को लेकर आयोजकों ने माफी मांगी।


बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट में दो स्टेज थे। एक बड़ा मेन स्टेज था और दूसरा छोटा स्टेज उसके बाईं तरफ था।

पहले मेन स्टेज पर कोई सिंगर या ग्रुप परफॉर्म करता था। इसके बाद दूसरे स्टेज पर कलाकार अपनी प्रेजेंटेशन देते थे। उनकी परफॉर्मेंस खत्म होने के बाद अगले कलाकार मेन स्टेज पर आ जाते थे।

कार्यक्रम तय समय से पीछे चल रहा था। शिल्पा राव की परफॉर्मेंस शाम 7:45 से 8:15 बजे तक होनी थी। वह करीब 8:30 बजे स्टेज पर पहुंचीं।

उन्होंने फिल्म ‘अनवर’ (2007) का गाना ‘तोसे नैना लागे’ गाकर शो शुरू किया। शुरुआत में परफॉर्मेंस शानदार रही।

गाना खत्म होने से पहले ही शिल्पा का माइक अचानक बंद हो गया। उन्होंने बैकस्टेज टीम को इशारा किया। इसके बाद एक क्रू मेंबर तुरंत उनके लिए दूसरा माइक लेकर पहुंचा।


शिल्पा ने दर्शकों से कहा, “मुझे माइक की जरूरत नहीं है। आप लोग मेरी आवाज हैं।”

उन्होंने बताया कि उनकी मां भी कार्यक्रम में मौजूद हैं और उनका जन्मदिन है। इसके बाद दर्शकों ने ‘हैप्पी बर्थडे टू यू’ गाना गाया।

शिल्पा ने इसके बाद ‘तेरे हवाले’ गाया। उन्होंने फिल्म ‘कलंक’ का टाइटल ट्रैक, ‘खुदा जाने’ और ‘वो अजनबी’ भी परफॉर्म किया।

‘सैयारा’ (2025) के गाने ‘बर्बाद’ के लिए द रिश भी शिल्पा के साथ स्टेज पर पहुंचे। इसके बाद शिल्पा ने फिल्म ‘देवरा’ (2024) का गाना ‘छुट्टमल्ले’ गाया।


कुटले खान का शो शुरू होते ही मेन स्टेज बंद

‘छुट्टमल्ले’ खत्म करने के बाद शिल्पा अगले गाने की तैयारी कर रही थीं। तभी मेन स्टेज की लाइट बंद हो गई।

इसी समय शिल्पा का माइक भी बंद कर दिया गया। ठीक उसी वक्त दूसरे स्टेज की लाइट जल उठी और कुटले खान ने परफॉर्म करना शुरू कर दिया।

दर्शकों को कुछ सेकंड बाद समझ आया कि क्या हुआ है। शिल्पा की परफॉर्मेंस अचानक खत्म कर दी गई थी।

मेन स्टेज अंधेरे में था। फिर भी साफ दिख रहा था कि शिल्पा इस घटना से हैरान थीं।

दर्शकों ने जोर-जोर से शिल्पा-शिल्पा के नारे लगाने शुरू कर दिए। वे डिमांड कर रहे थे कि शिल्पा को परफॉर्मेंस पूरी करने दी जाए।

हंगामे के बीच शिल्पा का माइक फिर चालू किया गया। वह आगे आईं और उन पर स्पॉटलाइट डाली गई। इस दौरान कुटले खान बगल वाले स्टेज पर गाते रहे।

शिल्पा ने कुटले खान से कहा, “कुटले जी, मैं एक लाइन बोलकर निकल जाऊंगी, ठीक है? आप बहुत अच्छा गा रहे हो। आप बहुत सही गा रहे हो।”


शिल्पा बोलीं- ‘मैं बाय कहे बिना नहीं जा सकती’

दर्शकों के लगातार नारे लगाने के बीच शिल्पा ने कहा, “मैं सिर्फ बाय कहना चाहती थी। मैं बाय कहे बिना नहीं जा सकती। वो नहीं गाने दे रहे।”

उनकी बात सुनकर दर्शकों ने जोरदार हूटिंग की। शिल्पा ने आगे कहा, “लेकिन मैं एक बात कहूंगी। आप लोगों ने मेरी परफॉर्मेंस के 15-20 मिनट शानदार बना दिए।”

उन्होंने कहा, “लंबे समय बाद मैंने मुंबई में परफॉर्म किया है।” हालांकि, वह अपनी बात पूरी कर पातीं, इससे पहले उनका माइक फिर बंद कर दिया गया।

उस समय दूसरे स्टेज पर कुटले खान की परफॉर्मेंस जारी थी। शिल्पा असहाय नजर आईं और कुछ नहीं कर सकीं। स्टेज से चली गईं।


इंस्टाग्राम पर लिखा- हमारा किस्सा अधूरा रह गया

कॉन्सर्ट के बाद शिल्पा ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “मुंबई, आज रात मेरे दिल का एक छोटा-सा हिस्सा टूट गया। हमसे इतनी खूबसूरत चीज इस तरह छीन ली गई, यह बहुत दुख देता है।”

शिल्पा ने आगे लिखा, “लेकिन जब म्यूजिक रुक गया, तब भी आप नहीं रुके। जिस तरह आप मेरा नाम पुकारते रहे, आपकी आवाज में जो प्यार था, मैं उसे महसूस कर सकती थी। आज रात हमारा किस्सा अधूरा रह गया। मैं वादा करती हूं, मैं वापस आऊंगी। आई लव यू, मुंबई। हमेशा और हमेशा।”


कुटले खान की टीम ने दी प्रतिक्रिया

शिल्पा राव की परफॉर्मेंस अचानक रुकने से उठे विवाद पर गायक कुटले खान की टीम की प्रतिक्रिया सामने आई है। न्यूज18 से बातचीत में कुटले खान के मैनेजर शरद शर्मा ने बताया कि आयोजकों ने कुटले खान का तय समय 15-20 मिनट से घटाकर सिर्फ 10 मिनट कर दिया था।

इसके बावजूद जब कुटले खान ने अपना सेट शुरू किया, तो शिल्पा राव अपनी प्रस्तुति खत्म कर बैकस्टेज जाने के बाद दोबारा स्टेज पर आ गईं और बीच में ही दर्शकों का शुक्रिया अदा करने लगीं।

इसके बाद आयोजक दीपक चौधरी ने भी कुटले खान से 'दिल पे जख्म खाते हैं' गाना गाने को कहा। मैनेजर के मुताबिक, इस व्यवधान से उनकी टीम को परेशानी हुई और शिल्पा को धन्यवाद अपनी परफॉर्मेंस के दौरान ही देना चाहिए था, न कि किसी अन्य कलाकार के सेट के बीच में आकर।

आयोजकों ने माफी मांगी

घटना के बाद आयोजकों ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि पहले की परफॉर्मेंस तय समय से ज्यादा चलने के कारण कार्यक्रम में देरी हुई। साथ ही, स्थानीय प्रशासन के नियमों और वेन्यू के तय समय की पाबंदियों के चलते शिल्पा का शो समय से पहले खत्म करना पड़ा।


आयोजकों ने कहा कि वे शिल्पा राव की कला और संगीत में उनके योगदान का सम्मान करते हैं। उन्होंने शिल्पा, उनकी टीम और फैंस से हुई परेशानी के लिए दुख जताया।

वहीं, ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने शिल्पा राव के साथ हुए व्यवहार की निंदा की है। एसोसिएशन ने कहा कि शिल्पा कोई कानूनी कार्रवाई करती हैं, तो वह उनका साथ देगा। साथ ही आयोजकों से कलाकारों का सम्मान करने की अपील की।