भारत में ताइवान के राजदूत मुमिन चेन ने रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ की तारीफ की। शनिवार को दिल्ली में चल रहे ताइवान फिल्म फेस्टिवल में चेन ने कहा कि पिछले साल देखी गई भारतीय फिल्मों में ‘धुरंधर’ सबसे प्रभावशाली लगी। चेन ने आमिर खान और शाहरुख खान की भी तारीफ की।
ताइवान फिल्म फेस्टिवल के जरिए भारतीय दर्शकों को वहां की संस्कृति, तकनीक और सिनेमा से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। यह फेस्टिवल 24 और 25 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है। इसके बाद 31 अक्टूबर को मुंबई में इसका आयोजन होगा।
बता दें कि भारत और ताइवान के बीच पूर्ण राजनयिक संबंध नहीं हैं, इसलिए चेन आधिकारिक तौर पर नई दिल्ली स्थित ताइपे आर्थिक और सांस्कृतिक केंद्र (TECC) के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हैं, जो वास्तविक राजदूत के रूप में काम करता है।
न्यूज एजेंसी ANI के साथ बातचीत में मुमिन चेन ने कहा, “क्योंकि मैं राजनीतिक विज्ञान का प्रोफेसर हूं और अभी राजदूत के तौर पर काम कर रहा हूं। इसलिए मैं भारत में कई राजनीतिक फिल्में देखता हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “पिछले साल मैंने जो सबसे प्रभावशाली फिल्म देखी, वह ‘धुरंधर’ थी।”
चेन ने आमिर खान की भी तारीफ की
मुमिन चेन ने कहा, “भारतीय अभिनेताओं और फिल्म निर्माताओं की बात करें, तो आमिर खान बहुत प्रभावशाली हैं।”
उन्होंने कहा, “मैं उनकी फिल्में तब से देख रहा हूं, जब वह युवा थे। अब वह फिल्मों में एक्टिंग कम करते हैं। वह निर्माता के तौर पर भारतीय समाज और गंभीर मुद्दों पर बहुत अच्छी फिल्में बनाते हैं।”
चेन ने आगे कहा, “शाहरुख खान और अमिताभ बच्चन जैसे दूसरे बड़े फिल्मी सितारे भी मुझे बहुत पसंद हैं।”
ताइवान के लोग भी फिल्में पसंद करते हैं: चेन
चेन ने कहा कि ताइवान के लोग भी भारतीयों की तरह फिल्में पसंद करते हैं। हालांकि, भारत में बहुत कम लोग ताइवान की फिल्मों के बारे में जानते हैं। ऐसे में यह फेस्टिवल दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव बढ़ाने का मौका है।
फेस्टिवल में खेल, तकनीक और संस्कृति से जुड़ी फिल्मों पर खास ध्यान दिया गया है। इनमें बेसबॉल पर आधारित एक फिल्म भी शामिल है। इसके जरिए ताइवान में खेलों की लोकप्रियता को दिखाने की कोशिश की गई है।
पिछले साल भारत और ताइवान के सहयोग से बनी फिल्म ‘डेमन हंटर’ दिखाई गई। फेस्टिवल में ताइवान की संस्कृति और रामायण पर आधारित डांस फ्यूजन ड्रामा भी पेश किया जाएगा।
आमिर की फिल्मों को ताइवान में काफी पसंद किया गया
ताइवान में भारतीय फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज होती हैं और वहां के लोग इन्हें काफी पसंद भी करते हैं। यहां भारतीय फिल्मों को मुख्य रूप से चीनी भाषा के सबटाइटल्स के साथ दिखाया जाता है।
ताइवान में आमिर खान की फिल्मों को काफी पसंद किया गया है। आमिर की फिल्म ‘दंगल’ ताइवान में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म है। फिल्म ने वहां करीब 16.7 करोड़ ताइवानी डॉलर कमाए थे। भारतीय रुपए में यह रकम करीब 41 करोड़ रुपए होती है।
इसके बाद ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ ने भी ताइवान में अच्छा प्रदर्शन किया। फिल्म ने वहां करीब 8.55 करोड़ रुपए की कमाई की। इसे एक साथ 73 सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। उस समय यह किसी भारतीय फिल्म की ताइवान में सबसे बड़ी रिलीज थी।
आमिर की फिल्म ‘3 इडियट्स’ भी ताइवान के दर्शकों को पसंद आई थी। फिल्म ने वहां 5.98 करोड़ रुपए से ज्यादा कमाए थे। इसके अलावा ‘द लंचबॉक्स’, ‘अंधाधुन’ और ‘बाहुबली 2’ जैसी भारतीय फिल्मों को भी ताइवान में दर्शकों ने पसंद किया।
मुमिन चेन गूगल पर ट्रेंड कर रहे हैं