कटनी जिले के बड़वारा विकासखंड के रोहनिया गांव में दिवाली पर लक्ष्मी-गणेश के साथ बकरे की पत्थर की प्रतिमा की भी पूजा की जाती है।

ग्रामीणों की मान्यता है कि बलि से बचाया गया एक बकरा आगे चलकर गांव का रक्षक बना। इसी लोकविश्वास के चलते गांव में उसकी प्रतिमा स्थापित की गई।

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में करहो के झाड़ के पास बनी ओखली से आदिशक्ति ज्वाला माता प्रकट हुई थीं। यहां सोहन सिंह कचेर की कुलदेवी ज्वालामुखी माता की पूजा होती थी।


सोहन सिंह ने रोक दी थी बकरे की बलि

गांव की परंपरा के मुताबिक, पहले पूजा के दौरान कचेर समुदाय के लोग बकरे की बलि देते थे। बाद में सोहन सिंह कचेर ने बलि देने से मना कर दिया और बकरे को जीवनदान देकर गांव में खुला छोड़ दिया।

ग्रामीणों का विश्वास है कि वही बकरा आगे चलकर गांव की रक्षा करने लगा। इस मान्यता को आगे बढ़ाने के लिए सोहन सिंह कचेर के परिवार और कछार (कचेर) समुदाय ने गांव में बकरे की पत्थर की प्रतिमा स्थापित की।

आज भी दिवाली पर ग्रामीण प्रतिमा के सामने पहुंचकर पूजा करते हैं। उनका मानना है कि बकरा अदृश्य रूप से अब भी गांव की रक्षा कर रहा है।

ज्वालामुखी माता मंदिर में भी पहुंचे श्रद्धालु

दिवाली के मौके पर गांव के पास नदी किनारे स्थित प्राचीन ज्वालामुखी माता मंदिर में भी श्रद्धालु पहुंचे। ग्रामीणों ने सुबह से मंदिर में पूजा-अर्चना कर गांव की सुख-समृद्धि की कामना की।

रोहनिया में बकरे की प्रतिमा की पूजा की यह परंपरा लोककथा और ग्रामीण आस्था से जुड़ी है। इसमें बलि की परंपरा छोड़कर जीव को जीवनदान देने की कहानी आज भी याद की जाती है।