कटनी जिले के ढीमरखेड़ा विकासखंड के करौंदी गांव में स्थित भारत के भौगोलिक केंद्र पर पर्यटकों ने सफाई और रखरखाव की कमी की शिकायत की है। उनका कहना है कि परिसर में मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं और जगह-जगह गंदगी है।

करौंदी को भारत का भौगोलिक केंद्र बिंदु माना जाता है। इसे देखने और इसकी भौगोलिक अहमियत जानने के लिए दूर-दूर से पर्यटक यहां पहुंचते हैं।

पर्यटक सिद्धार्थ, संदीप यादव और राजाराम पटेल ने कहा कि कटनी जिले में देश का भौगोलिक केंद्र होना गौरव की बात है, लेकिन यहां सौंदर्यीकरण और रखरखाव की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि स्थल की हालत देखकर पर्यटक निराश होते हैं।

पर्यटकों के मुताबिक, यहां प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 20 रुपए शुल्क लिया जाता है, लेकिन परिसर में मूलभूत सुविधाएं नहीं दी गई हैं। उनका कहना है कि नियमित सफाई न होने से गंदगी और झाड़ियां बढ़ गई हैं।


देखरेख की कमी के कारण निर्माण और परिसर के ढांचे खराब हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्ध लोगों ने स्थल की सफाई, सौंदर्यीकरण और विकास की मांग की है।