ग्वालियर में दीपावली पर जमकर आतिशबाजी हुई, लेकिन जश्न का खुमार उतरते ही शहर में सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। दीपोत्सव के दूसरे दिन सोमवार को सफाईकर्मियों के अवकाश पर रहने से पूरा शहर कचरे के ढेर में तब्दील नजर आया।
महाराज बाड़े से लेकर पॉश कॉलोनियों और गली-मोहल्लों तक हर तरफ पटाखों के अवशेष और कचरे के ढेर लगे रहे। हालात यह रहे कि वार्ड 1 से लेकर 66 तक कचरा गाड़ियां नहीं चलीं और सड़कों पर झाड़ू तक नहीं लगी। दो दिनों में करीब 600 से 650 टन कचरा लैंडफिल साइट तक नहीं पहुंच सका।
महाराज बाड़ा, सराफा, हेमू कालानी चौक, मुरार के सदर बाजार और थाटीपुर के मयूर मार्केट जैसे प्रमुख बाजारों में हॉकर्स और ठेला संचालक अपना कारोबार समेटकर चले गए, लेकिन पीछे कचरे का ढेर छोड़ गए।
मेला मैदान और गिरवाई नाका पर लगी आतिशबाजी की दुकानों के आसपास भी कचरे के ढेर लग गए। इससे यहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इधर, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि सभी सफाई कर्मचारी दीपावली तक काम करते हैं। दीपावली के अगले दिन सभी की छुट्टी रहती है। सफाई कर्मचारियों का अवकाश पहले से निर्धारित है। सफाई के लिए कुछ कर्मचारियों को लगाया गया है, लेकिन ज्यादातर कर्मचारी छुट्टी पर हैं।
ग्वालियर में सामान्य दिनों में कितना कचरा निकलता है?
सामान्य दिनों में शहर से करीब 550 टन कचरा निकलता है। इसमें 350 से 400 टन सूखा और करीब 200 टन गीला कचरा होता है।
दीपावली के दौरान कितना अतिरिक्त कचरा निकला?
दीपावली पर शहर से 100 से 150 टन अतिरिक्त कचरा निकलता है। इस तरह कुल कचरे की मात्रा 650 से 700 टन तक पहुंच जाती है।
कितने सफाईकर्मी अवकाश पर थे और कितने ड्यूटी पर मौजूद थे?
नगर निगम में कुल 2,800 सफाई कर्मचारी हैं। इनमें से 2,600 कर्मचारी छुट्टी पर थे, जबकि बाकी 200 कर्मचारी काम पर थे।
कितने वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन प्रभावित हुआ?
सोमवार को शहर के सभी 66 वार्डों में कचरा कलेक्शन प्रभावित हुआ।
नगर निगम कब तक सफाई व्यवस्था सामान्य करने का दावा कर रहा है?
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी वैभव श्रीवास्तव का कहना है कि मंगलवार को शहर का पूरा कचरा साफ कर दिया जाएगा।
उधर, हरिशंकरपुरम, माधवनगर और दर्पण कॉलोनी जैसी पॉश कॉलोनियों से लेकर जीवाजीगंज और गेंडेवाली सड़क तक हर गली में दीपावली की रात छोड़े गए बम-पटाखों के अवशेष बिखरे मिले। हालांकि, नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त कचरे के कारण सफाई में थोड़ी मशक्कत हो रही है, लेकिन जल्द ही पूरा कचरा उठवा लिया जाएगा।
लोग बोले- मुख्य चौराहे पर भी नहीं हुई सफाई
महाराज बाड़े पर पक्षियों को दाना खिलाने आए हरीश चंद्र आहूजा ने बताया कि शहर में काफी कचरा जमा हो गया है। इसकी सफाई होना जरूरी है। यह शहर का मुख्य चौराहा है, इसके बावजूद यहां सफाई नहीं हुई है।
वहीं, मॉर्निंग वॉक पर आए बुजुर्ग आनंद ने बताया कि आज लोगों ने पड़वा मनाई है। कई जगह सफाई हो रही है, लेकिन ज्यादातर सफाईकर्मी छुट्टी पर हैं। इस वजह से जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं।