मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा विभाग में 20 हजार पदों पर नई भर्ती करने की घोषणा की। प्रदेश में 200 नए सांदीपनि विद्यालय खोले जाएंगे। इसके अलावा, जनजातीय क्षेत्रों में 200 नए विद्यालय भवन बनाए जाएंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 950 लोगों को अनुकंपा नियुक्ति के आदेश भी सौंपे। इनमें 661 सहायक ग्रेड-3, 31 प्राथमिक शिक्षक और 262 चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी शामिल हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अब तक 85 हजार नियुक्तियां कर चुकी है। स्कूल शिक्षा विभाग में आने वाले समय में 20 हजार पदों पर और भर्ती की जाएगी। हालांकि, इन पदों पर भर्ती कब होगी, किन पदों पर कितनी नियुक्तियां होंगी और चयन प्रक्रिया क्या रहेगी, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 से पहले स्कूल शिक्षा विभाग का बजट करीब 400 करोड़ रुपए था, जो अब बढ़कर 38 हजार करोड़ रुपए हो गया है। सरकार स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने और शैक्षणिक माहौल बेहतर बनाने पर जोर दे रही है।

जनजातीय क्षेत्रों में भी सांदीपनि स्कूल का विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल 369 सांदीपनि विद्यालय संचालित हो रहे हैं। अब 200 नए सांदीपनि विद्यालय खोलने की पहल की जा रही है।

इसके साथ ही जनजातीय क्षेत्रों में 200 नए विद्यालय भवनों को मंजूरी देने की बात भी कही गई। इन योजनाओं का उद्देश्य स्कूलों की संख्या बढ़ाना और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

करीब 950 लोगों को मिले अनुकंपा नियुक्ति के आदेश

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 661 सहायक ग्रेड-3, 31 प्राथमिक शिक्षक और 262 चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को नियुक्ति आदेश दिए। स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि पहले अनुकंपा नियुक्ति मिलने में कई बार सालों लग जाते थे।

मुख्यमंत्री के निर्देश और विभागीय प्रयासों से इस प्रक्रिया में तेजी आई है। उन्होंने बताया कि पदोन्नति से खाली हुए पदों पर नियुक्तियां करने का रास्ता बनाया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार के मुखिया की मृत्यु के बाद आश्रितों को समय पर नौकरी मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानियों से निपटने में मदद मिलती है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ काम करने की अपेक्षा की।

1.45 लाख विद्यार्थियों को दिए लैपटॉप

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले 500 विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए जाते थे, जबकि अब 1 लाख 45 हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए गए हैं। विद्यार्थियों को स्कूटी जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह सहित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।