गौतम अडानी की लंबी छलांग, पहली बार बिल गेट्स से निकले आगे, कहां पहुंच गई नेटवर्थ
Updated on
24-04-2026 05:36 PM
नई दिल्ली: भारत और एशिया के सबसे बड़े रईस गौतम अडानी की नेटवर्थ में गुरुवार को भारी तेजी आई। शेयर मार्केट में गिरावट के बावजूद अडानी ग्रुप के चेयरमैन की नेटवर्थ में 7.16 अरब डॉलर की तेजी आई। इसके साथ ही वह 100 अरब डॉलर क्लब में शामिल हो गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक अडानी की नेटवर्थ 106 अरब डॉलर पहुंच गई है और वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 17वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वह माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स के भी आगे निकल गए हैं।अडानी की नेटवर्थ में इस साल 21.4 अरब डॉलर की तेजी आई है जबकि गेट्स की नेटवर्थ में 12.7 अरब डॉलर की गिरावट आई है। गेट्स 104 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 18वें नंबर पर खिसक गए हैं। इस बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में गुरुवार को 1.11 अरब डॉलर की गिरावट आई। वह 90.2 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 20वें नंबर पर हैं। इस साल उनकी नेटवर्थ 17.5 अरब डॉलर गिरी है।