शाहजहांपुर में 17 और 15 साल की दो लड़कियों के शव पेड़ से लटके मिले। दोनों ममेरी और फुफेरी बहनें थीं। उनके घरों के बीच करीब 200 मीटर की दूरी है। दोनों के शव एक ही पेड़ पर अलग-अलग दुपट्टों से लटके थे।
15 साल की बहन अक्सर सोशल मीडिया पर रील पोस्ट किया करती थी। आखिरी रील 4 दिन पहले दिन पहले डाली गई थी। जिसमें गाना चलाया था- जीना बस में नहीं, मरना बस में नहीं…।
दो लड़कियों के शव मिलने की खबर मिलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। घटना जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर निगोही थाना क्षेत्र की सोमवार सुबह 8 बजे की है।
अब जानिए पूरा मामला
गांववालों ने बताया- एक लड़की के माता-पिता नोएडा में रहते हैं। यहां वह अपने दो भाई-बहनों के साथ रहती थी। दूसरी लड़की के पिता धान काटने वाली कंबाइन मशीन के ऑपरेटर हैं। वह भी काम के सिलसिले में इन दिनों बाहर हैं।
भाई बोला- रात को मेरे सामने सोई थी
17 साल की लड़की के भाई ने बताया- दीपावली पर मेरी बहन छोटी बहन के घर दीया और पटाखे जलाने गई थी। उन दोनों के बीच क्या बात होती थी, यह हमें नहीं पता। मेरी बहन वहां दिवाली मनाकर रात 9 बजे घर आ गई थी। इसके बाद हम लोग रात में 12 बजे तक जागते रहे। मेरे सामने ही बहन सो गई थी।
सुबह 6 बजे बेड पर नहीं मिली, तब ढूंढा
भाई ने बताया कि सोमवार सुबह 6 बजे जब मेरी आंख खुली, तब बहन अपने बिस्तर पर नहीं थी। उसको ढूंढा, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
बाद में गांववालों ने बताया कि मेरी बहन और रिश्तेदार की बेटी दोनों फंदे पर मिली हैं। दोनों मेरे घर से करीब एक किमी दूर खेतों में पेड़ से लटकी मिली हैं।
दोनों ने एक साथ फांसी क्यों लगाई, यह हमें नहीं पता है। दोनों को मैंने कभी साथ घूमते भी नहीं देखा। मेरी बहन घर के बाहर झाड़ू लगाने भी नहीं जाती थी। दोनों के बीच कभी कोई गलत हरकत भी नहीं सुनी।
गांववाले बोले- दोनों सुबह अक्सर साथ दौड़ लगाने जाती थीं
वहीं, 15 साल की लड़की के घरवालों ने सुसाइड की वजह को लेकर कोई जानकारी नहीं होने की बात कही है। गांववालों का कहना है कि दोनों अक्सर सुबह दौड़ लगाने साथ में ही जाती थीं।
पुलिस अफसरों के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि 15 साल की लड़की अक्सर सोशल मीडिया पर रील डालती थी। बीते शुक्रवार को उसने अपनी मां के साथ रील डाली थी। जिसमें कोई फिल्मी गाना बज रहा था। हालांकि दूसरी लड़के का सोशल मीडिया पर कोई अकाउंट नहीं मिला है।
एसपी सिटी देवेंद्र सिंह ने बताया-

दोनों लड़कियों के बीच करीबी दोस्ती होने की बात सामने आई है। शुरुआती जांच में दोनों के एक साथ सुसाइड करने की जानकारी सामने आ रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।