• गौरव खरे •
•दिल्ली आंदोलन को लेकर इमली के वृक्ष के नीचे जुटे कांग्रेसी, गांव-गांव संपर्क कर दिल्ली पहुंचने की अपील
• 1 नवंबर को राहुल गांधी के नेतृत्व में रामलीला मैदान दिल्ली में आयोजित होगा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन, कांग्रेसियों ने की रणनीति पर चर्चा
निवाड़ी। लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ 1 नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित होने जा रहे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में इमली के वृक्ष के नीचे कांग्रेसियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जहां आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
उल्लेखनीय है कि इमली का यह वृक्ष लंबे समय से कांग्रेसियों की बैठकों, आपसी संवाद और राजनीतिक आत्ममंथन का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां समय-समय पर कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित होकर संगठन की मजबूती, जनहित के मुद्दों और राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी कांग्रेसियों ने एकजुट होकर दिल्ली आंदोलन में भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव-गांव जाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आमजन से संपर्क किया जाएगा तथा उन्हें 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचकर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन में सहभागी बनने की अपील की जाएगी।
विवेक पटेल, पूर्व कार्यवाहक जिला अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है। यदि मताधिकार की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं, तो हर जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपनी आवाज बुलंद करे। राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाला यह आंदोलन लोकतंत्र की रक्षा और जनता के अधिकारों की लड़ाई है। हम सभी कांग्रेसजनों से अपील करते हैं कि अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर इस आंदोलन को मजबूती प्रदान करें।
मनोहर सिंह यादव ने कहा कि इमली के इस वृक्ष के नीचे होने वाली बैठकें केवल राजनीतिक चर्चा का माध्यम नहीं, बल्कि संगठन के आत्ममंथन और एकजुटता का प्रतीक हैं। आज देश के लोकतंत्र और वोट की ताकत को बचाने के लिए सभी को एकजुट होने की आवश्यकता है। 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले आंदोलन में क्षेत्र से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए गांव-गांव संपर्क किया जाएगा।
बैठक में मनोहर सिंह यादव, विवेक पटेल (पूर्व कार्यवाहक जिला अध्यक्ष कांग्रेस पार्टी), मुन्नी लाल यादव, धीरेंद्र सिंह परमार,कल्याण सिंह दांगी (कल्लू नेता), रवि दांगी, हेमंत सेमेल एवं अंकित यादव पोहा सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।