भोपाल: ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर्स के फ्लैट तोड़े जाएंगे। इसे लेकर विवाद चल रहा है। विवाद के बीच गुरुवार रात पांच महिलाओं ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया।
ऑटो रिक्शा से सभी को ले जाया गया
सोशल मीडिया पर इससे जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें कुछ महिलाएं ऑटो-रिक्शा में बैठी दिखाई दे रही हैं। उनमें से कुछ उल्टी कर रही हैं। जिन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से वीडियो को लेकर कुछ नहीं कहा गया है।
पुलिस को नहीं मिली थी सूचना
ऐशबाग के टीआई संदीप पवार ने कहा कि पुलिस को इस घटना के बारे में कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की टीम जनता क्वार्टर्स पहुंची थी। लेकिन शुरुआती जांच में यह पता नहीं चल पाया है कि असल में हुआ क्या था। पुलिस इन दावों की पुष्टि करने में जुटी है।
600 फ्लैटों को गिराने का प्रस्ताव
दरअसल, यह घटना जनता क्वार्टर्स में लगभग 600 फ्लैटों को गिराने के प्रस्ताव को लेकर चल रहे विवाद के बीच हुई है। ये फ्लैट हाउसिंग बोर्ड द्वारा बनाए गए थे और अब जर्जर हालत में हैं। इनमें से करीब 110 फ्लैटों में उनके असली मालिक रह रहे हैं, जबकि बाकी फ्लैटों पर कथित तौर पर अवैध कब्जा है।
इसे गिराने का फैसला किया
हाउसिंग बोर्ड और भोपाल नगर निगम ने इन इमारतों को असुरक्षित मानते हुए इन्हें गिराने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि वह रहने वाले लोग इस फैसले का विरोध कर रहे हैं।
डर से उठाया कदम
कथित तौर पर यह कहा जा रहा है कि महिलाओं ने डर से ऐसा कर लिया था। उन्हें डर है कि घर टूटने के बाद रहेंगे कहां, उनके पास रहने के लिए दूसरा कोई घर नहीं है। निगम की तरफ से उन्हें कोई दूसरा घर नहीं दिया जा रहा है। सिर्फ 1400 रुपए किराया देने की बात कही जा रही है। ऐसे में लोगों के सामने मुसीबत है कि वे कहां जाए।