छत्रपति संभाजी नगर, RSS प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार (25 नवंबर) को कहा कि दुनिया की कोई ताकत भारत की तरक्की नहीं चाहती। दुनिया की बड़ी शक्तियां अपना दबदबा कायम रखना चाहती हैं और दूसरों को दबाकर रखने की सोच में भरोसा करती हैं।

भारत इसके विपरीत सभी की मदद करना चाहता है, यहां तक कि उन देशों की भी जो उससे नफरत करते हैं।

भागवत बुधवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पांचवें पद्मा फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। कार्यक्रम में पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान (रिटायर्ड) भी मौजूद थे।


अगर कोई ईमानदारी से बोलता है, तो युवा उसके साथ

तीन दिन के पद्मा फेस्टिवल का आयोजन ज्ञानयज्ञ फाउंडेशन ने किया है। भागवत ने युवाओं को लेकर कहा कि युवा झूठ से नफरत करते हैं और अपने देश को महान बनाना चाहते हैं।

RSS प्रमुख ने कहा कि युवा पीढ़ी गुलामी के असर से मुक्त है। उन्होंने कहा कि अगर कोई ईमानदारी से बोलता है, तो युवा उसके साथ खड़े होने को तैयार रहते हैं।

विकसित भारत का फायदा युवाओं को होगा

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम होगी। वे इस लक्ष्य को पूरा करने में सबसे बड़ा योगदान देंगे और इसके सबसे बड़ा फायदा भी उन्हें ही होगा।

यह सपना पूरा करना हर भारतीय की जिम्मेदारी है। इसके लिए पिछली सफलताओं से सीखने और अपनी बौद्धिक क्षमता का इस्तेमाल करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य संवेदनशील दौर से गुजर रहा है। दुनिया में शक्ति संतुलन बदल रहा है और वैश्विक असंतुलन की स्थिति बनी हुई है।

विकसित देश नहीं चाहेंगे कि भारत एक सफल, विकसित और प्रभावशाली देश बने। ऐसे में वे भारत के विकास के रास्ते में बाधाएं पैदा कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि बाहरी खतरों से ज्यादा खतरनाक आंतरिक खतरे होते हैं।