जूही चावला आज शुक्रवार को अपना 59वां बर्थडे मना रही हैं। हालांकि बर्थडे से ठीक पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए मुंबई शहर को लेकर एक बड़ी चिंता जताई है। उन्होंने शहर में फैली अजीब बदबू को लेकर एक पोस्ट किया है। जूही ने इसपर सवाल उठाते हुए पूछा है कि आखिर ये जले हुए फ्यूल की स्मेल क्या है।

एक्ट्रेस का यह ट्वीट तब आया है जब शहर पटाखों के इस्तेमाल की वजह से खतरनाक AQI की चपेट में आ गया है। बता दें कि दिवाली के ठीक बाद दिल्ली के अलावा मुंबई में भी एयर क्वालिटी में काफी गिरावट दर्ज की गई। 9 नवंबर को मुंबई का AQI लेवल 171 तक पहुंच गया था, जो पिछले साल दिवाली के अगले दिन रिकॉर्ड किए गए 134 से 28% अधिक था।
'क्या कोई मुझे बताएगा कि हवा में जले हुए फ्यूल की अजीब गंध क्या?'

जूहीने सोशल मीडिया पर लिखा है, 'क्या कोई मुझे बताएगा कि हवा में जले हुए फ्यूल की यह अजीब सी गंध क्या है? लगभग केरोसिन या डीजल की तरह है ये। मैं इसे कई दिनों से नोटिस कर रही हूं, सुबह से और दिन में अलग-अलग समय पर। क्या किसी और को भी यह गंध आ रही है? मुझे बताओ।'


क्या कोई मुझे बताएगा कि हवा में जले हुए फ्यूल की यह अजीब सी गंध क्या है? लगभग केरोसिन या डीजल की तरह है ये। मैं इसे कई दिनों से नोटिस कर रही हूं, सुबह से और दिन में अलग-अलग समय पर। क्या किसी और को भी यह गंध आ रही है? मुझे बताओ।

जूही चावला

इस वक्त दिल्ली और मुंबई में AQI लेवल

नई दिल्ली का AQI: लगभग 350 से 443 के बीच (जिसे खतरनाक या बेहद अस्वस्थ माना जाता है)।
मुंबई का AQI: लगभग 105 से 159 के बीच (जिसे संवेदनशील समूहों के लिए मध्यम से अस्वस्थ माना जाता है)।

लोगों ने कहा- यह जेन्सेन हुआंग है जो सभी चीनी चिप्स जला रहा है

हालांकि लोगों ने जूही के इस ट्वीट पर सीरियसनेस दिखाने की बजाय मजाक ही बनाया है। एक ने लिखा है- किसी ने अपना डॉलर वाला कच्चा जला दिया होगा। एक अन्य ने कहा- यह जेन्सेन हुआंग है जो सभी चीनी चिप्स जला रहा है। किसी और ने कहा- ऐसा कुछ नहीं है, कोई बदबू नहीं है, सो जाओ। एक और ने कहा- किसी ने पास में ही डॉलर अंडरवियर जला दिया। वहीं मजाक करते हुए एक यूजर ने कहा-पता करो कि पड़ोसी के घर पर पकौड़े बन रहे हैं या नहीं।

पिता चाहते थे कि जूही चावला बहुत पढ़े और आईएएस ऑफिसर बनें

13 नवंबर 1967 को हरियाणा के अंबाला में जन्मी जूही चावला ने अपनी पढ़ाई मुंबई में की। उनके पिता चाहते थे कि जूही चावला बहुत पढ़े और आईएएस ऑफिसर बनें या एमबीए करें। मां की इच्छा थी कि जूही मार्केटिंग सेक्टर में करियर बनाएं। मगर स्कूल के बाद कॉलेज में पढ़ाई करते हुए ही उनकी जिंदगी में ऐसे चमत्कार हुए, जिसने उन्हें पहले 'मिस इंडिया' और फिर एक बेहतरीन एक्ट्रेस बना दिया।

'मेरी यह कोशिश रही कि मैं जो भी काम करूं, वो थोड़ा अच्छा करूं'

जूही चावला ने एक इंटरव्यू में कहा था, 'मेरी यह कोशिश रही कि मैं जो भी काम करूं, वो थोड़ा अच्छा करूं। इसकी शुरुआत स्कूल में हुई। मेरे बड़े भाई थोड़े मस्तीखोर थे और मां उन्हें बहुत डांटती थीं। मां की डांट का असर भाई पर तो नहीं हुआ, लेकिन मैंने उसे गंभीरता से लिया। इसी का नतीजा था कि मैं स्कूल में अच्छी छात्रा बनी। जब भी परीक्षा होती थी तो पहले पढ़ाई करके जाती थी।'

कॉलेज के समय में एक कॉन्टेस्ट हुआ था

फिल्मों में आने से पहले 'मिस इंडिया' बनने की भी उनकी कहानी दिलचस्प है। इंटरव्यू में जूही चावला ने बताया था, 'मैं शायद इस बारे में नहीं सोच रही थी। कॉलेज के समय में एक कॉन्टेस्ट हुआ था, जिसमें मैंने हिस्सा लिया था। उसमें मैं टॉप आई। उसी समय कॉलेजों में मिस इंडिया के लिए फॉर्म भरे जा रहे थे। इसमें मेरी कुछ दोस्त हिस्सा लेना चाह रही थीं और उन्हीं को देखते हुए मैंने भी हिस्सा लिया। मैंने अपनी दोस्तों को देखकर सोचा था कि अगर ये कर सकती हैं तो मैं भी कर सकती हूं।'

'मिस इंडिया' बनने के बाद जिंदगी बदल चुकी थी

जूही चावला ने कहा, 'मिस इंडिया' बनने के बाद जिंदगी बदल चुकी थी। मैं बहुत खुश थी, लेकिन यह भरोसा नहीं हो रहा था कि मेरे साथ यह क्या हुआ है। मैं सोच रही थी कि उस समय भगवान ने कुछ तो चमत्कार किया।'