कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन के आउटर क्षेत्र में शुक्रवार को युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर जीआरपी और रंगनाथ नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।
आगरा स्टेशन पर छूट गई थी ट्रेन
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान गोलू बैन (27), पुत्र ढोलन बैन, निवासी भारत चौक, रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी दुर्गा बैन ने पुलिस को बताया कि दोनों जमुताभी ट्रेन से कटनी लौट रहे थे। सफर के दौरान आगरा स्टेशन पर गोलू कुछ खाने के लिए ट्रेन से नीचे उतरे थे। इसी बीच ट्रेन चल दी और वे वापस ट्रेन में नहीं चढ़ सके।
फोन पर कहा था- दूसरी ट्रेन से आ रहा हूं
दुर्गा बैन के मुताबिक, ट्रेन छूटने के बाद उनकी गोलू से फोन पर बात हुई थी। गोलू ने बताया था कि वह दूसरी ट्रेन पकड़कर कटनी आ रहे हैं। हालांकि, शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक पर उनका शव मिलने की सूचना मिली। इसके बाद परिवार में शोक छा गया।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तौर पर युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने या ट्रेन में चढ़ने-उतरने के दौरान हुए हादसे से होने की आशंका है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
जीआरपी और रंगनाथ नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।