
महापौर संजय पांडेय ने कहा कि बाजार को सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापारियों के सहयोग से प्लानिंग से काम किए जाएंगे। नगर निगम कार्यालय में संजय बाजार व्यापारी कल्याण संघ के अध्यक्ष पंकज सिंघल के नेतृत्व में व्यापारियों ने महापौर से मुलाकात कर बाजार से जुड़ी समस्याएं रखीं।
इस दौरान बाजार की सफाई व्यवस्था सुधारने, मटन मार्केट संचालन को व्यवस्थित करने और बाजार में फैल रही अव्यवस्थाओं को दूर करने पर चर्चा हुई। महापौर संजय पांडेय ने कहा कि नगर निगम संजय बाजार को व्यवस्थित करने के लिए विस्तृत योजना तैयार कर रहा है।
बताय गया कि बाजार में CCTV कैमरे भी लगेंगे। इसके अलावा सफाई नहीं रखने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
व्यापारियों और आम लोगों को मिलेंगी सुविधाएं
योजना लागू होने के बाद बाजार में व्यापारियों और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और अव्यवस्थाओं पर नियंत्रण होगा। यूजर चार्ज को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों पर भी बैठक में चर्चा हुई।
महापौर ने कहा कि यूजर चार्ज शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जरूरी है। इससे कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।
समझाने के बाद भी नहीं मानें तो होगी कार्रवाई
महिला समृद्धि बाजार और संजय मार्केट क्षेत्र में गंदगी फैलाने वालों को पहले समझाइश दी जाएगी। इसके बाद भी सुधार नहीं हुआ तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम शहर में स्वच्छता को लेकर जनजागरूकता अभियान भी चला रहा है, जिससे लोग घरों से निकलने वाले कचरे को ऑटो के माध्यम से देने लगे हैं
मटन मार्केट की भी सुधरेगी व्यवस्था
बैठक में मटन मार्केट की व्यवस्था सुधारने पर भी चर्चा हुई। साथ ही बाजार परिसर में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात कही गई, ताकि असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। बैठक में नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, MIC सदस्य निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, राणा घोष, योगेंद्र पांडेय, आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।