यूपी में ठंड बढ़ गई है। सुबह और शाम वक्त ठिठुरन होने लगी है। मंगलवार सुबह वाराणसी, मिर्जापुर, देवरिया, गोरखपुर और रामपुर में कोहरा छाया रहा। काशी में विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि सड़कों पर 20 मीटर दूर भी देखना मुश्किल हो गया।

मौसम विभाग का कहना है कि नए पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद यूपी में ठंडी पछुआ हवाओं का असर बढ़ गया है। 10 शहरों में पारा 15°C से नीचे लुढ़क गया है। अगले 2-3 दिन प्रदेश में भीषण कोहरा पड़ेगा। तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरेगा।

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- अब उत्तर-पश्चिमी हवाएं जोर पकड़ रही हैं। एक हफ्ते के अंदर पूरे प्रदेश में भीषण ठंड पड़ने लगेगी। दिन में भी ठंड का एहसास होगा। तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे पहुंच सकता है।


वाराणसी में ठंड बढ़ने के साथ हवा खराब होने लगी है। मंगलवार को शहर का AQI 241 दर्ज किया गया, जिसके साथ बनारस प्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर रहा। वहीं, 214 AQI के साथ नोएडा दूसरे और 213 के साथ गाजियाबाद तीसरे स्थान पर रहा। दुनिया के प्रदूषित शहरों की सूची में वाराणसी 73वें नंबर पर है।

सुबह तापमान 24 डिग्री सेल्सियस, हवा की रफ्तार 6 किमी प्रति घंटा और नमी 47 फीसदी रही। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे बाद तापमान में गिरावट आएगी।


गोरखपुर में नवंबर के तीसरे सप्ताह के साथ ही मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। मंगलवार सुबह से ही आसमान साफ है और तेज धूप खिली हुई है।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के आसपास रह सकता है। दिन में धूप के कारण मौसम सुहावना बना रहेगा, लेकिन सूर्यास्त के बाद ठंडी हवाओं से तापमान गिरने पर सिहरन बढ़ जाएगी।


गाजियाबाद में सुबह से तेज धूप खिली हुई है, लेकिन सर्द हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से सुबह का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में आसमान साफ रहेगा। वहीं, हवा चलने से लोगों को वायु प्रदूषण से बड़ी राहत मिली है। शहर का AQI घटकर 187 पर आ गया है।


रामपुर में सोमवार के मुकाबले मंगलवार सुबह ठंड का असर ज्यादा रहा। सुबह हल्की हवा चलने और तापमान गिरने से सिहरन बढ़ गई। जरूरी काम और पढ़ाई के लिए घरों से निकले स्कूली छात्र और नौकरीपेशा लोग गर्म जैकेट पहने नजर आए।

ठंड से बचने के लिए रेलवे स्टेशन पर कुछ महिलाओं ने कागज और कचरा इकट्ठा कर अलाव जलाया और हाथ सेंकती दिखीं। वहीं, बस स्टेशन पर लोग चाय की चुस्कियां लेकर सर्दी से राहत पाते नजर आए।

आसमान में सुबह हल्की धुंध जरूर दिखाई दी, लेकिन कोहरा घना नहीं था। सड़कों पर विजिबिलिटी सामान्य रहने से वाहन चालकों को आवागमन में कोई परेशानी नहीं हुई।


बदायूं में मंगलवार सुबह आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली। हालांकि, 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का असर बरकरार है। सुबह तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।


संभल में मंगलवार सुबह लोगों को कोहरे से तो राहत मिली, लेकिन ठंडक और सर्द हवाओं ने परेशानी बढ़ा दी है। सुबह से ही 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं। इसके साथ ही मोटी बूंदों के रूप में ओस भी गिर रही है।


देवरिया में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कोहरे की चादर बिछी रही। सुबह 7 बजे विजिबिलिटी महज 100 मीटर दर्ज की गई।

कम दृश्यता के कारण वाहन चालक दिन में भी हेडलाइट और डिपर जलाकर धीमी गति से चलते नजर आए। घने कोहरे और ठंड का असर सुबह टहलने वालों पर भी दिखा। रोज की तुलना में मंगलवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए कम लोग घरों से बाहर निकले।