भोपाल में 12 साल की बच्ची की निर्मम हत्या के बाद शनिवार को 3 घंटे विरोध प्रदर्शन हुआ। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए।
उनका कहना था कि पुलिस आरोपी मोबिन को फांसी दे या हमें सौंपे। हम उसे सजा देंगे। भीड़ ने थाने में जबरदस्ती घुसने का प्रयास किया। इसके लिए उन्होंने थाने के गेट पर धक्का-मुक्की भी की। हालांकि, पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
वहीं वारदात वाली रात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी बच्ची को ले जाते हुए और कुछ देर बाद अकेले निकलते हुए दिख रहा है।
रात से लापता, सुबह खंडहर में मिला शव
बता दें बैरागढ़ में 15 अक्टूबर यानी गुरुवार रात से लापता बच्ची का शव 16 अक्टूबर को कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे खंडहर में मिला था। उसके सामने के दो दांत टूटे हुए थे। मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था। शरीर के निचले हिस्से पर कपड़े नहीं थे।
शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यौन हिंसा, गला घोंटने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया था। बताया जा रहा है कि उसने भी जुर्म कबूल कर लिया।
देखिए सीसीटीवी फुटेज
2 किमी तक जाम रहा भोपाल-सीहोर रोड
प्रदर्शनकारियों ने भोपाल-सीहोर रोड पर जाम लगा दिया था। प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं थे। उनका कहना था कि आरोपी को बीच सड़क पर फांसी दी जाए। उसके मकान पर बुलडोजर चलाया जाए। जाम के कारण करीब 2 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही।
एसीपी बोले- विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद धाराएं बढ़ाएंगे
मामले में एसीपी रत्नेश तोमर का कहना था कि पुलिस ने हत्या और बहला-फुसलाकर ले जाने सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया है।
शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न की पुष्टि हुई है। विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर अतिरिक्त कानूनी धाराएं जोड़ी जाएंगी।
लाइव ब्लॉग के मिनट टू मिनट अपडेट के लिए नीचे से गुजर जाइए…
एसीपी रत्नेश तोमर ने कहा- एक खाली इमारत से बच्ची का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या और बहला-फुसलाकर ले जाने सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार, विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर अतिरिक्त कानूनी धाराएं जोड़ी जाएंगी। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने चक्काजाम का प्रयास किया, लेकिन यातायात सुचारु है। पुलिस पीड़ित परिवार के संपर्क में है।
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस कंट्रोल रूम से अतिरिक्त बल को बुलाया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार समझाइश देने का प्रयास कर रहे हैं। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी सड़कों पर जमे हुए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने भोपाल-सीहोर रोड पर जाम लगा दिया है। प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं हैं। उनकी मांग है कि आरोपी को बीच सड़क पर फांसी दी जाए। जाम के कारण करीब 2 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई है। सैकड़ों लोग जाम में फंसे हैं और उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश कर रही है, लेकिन उसकी समझाइश का प्रदर्शनकारियों पर कोई असर नहीं हो रहा है।
बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी सड़क पर उतर आए हैं। उनका कहना है- आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाकर दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी। आरोपी के अवैध मकान पर तुरंत बुलडोजर चलाकर उसे गिराया जाए। मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर आरोपी को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जाए।
पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर आकर पीड़ित परिवार से मिलें और फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चलाने का लिखित आश्वासन दें।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक पुलिस और प्रशासन ठोस कार्रवाई नहीं करता, तब तक यह आंदोलन चलता रहेगा।
बैरागढ़ थाने में भारी पुलिस बल तैनात है। थाने के दोनों मुख्य गेट बंद कर दिए गए हैं। बच्ची के परिजन और हिंदू संगठनों के लोग आरोपी को उनके हवाले करने की मांग कर रहे हैं। भीड़ थाने में घुसने की कोशिश कर रही है। पुलिस लोगों को समझाइश दे रही है कि केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलवाकर आरोपी को सख्त सजा दिलाई जाएगी।
भीड़ ने बैरागढ़ थाने में घुसने का प्रयास किया। लोगों का कहना था कि आरोपी को उन्हें सौंपा जाए या उसे फांसी दी जाए। हालांकि, पुलिस बल ने लोगों को बाहर ही रोक दिया।
पुलिस ने CCTV फुटेज से संदिग्ध को पकड़ा
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और परिजन से जानकारी के आधार पर 23 वर्षीय संदिग्ध को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी के जुर्म स्वीकार करने की बात सामने आई है।
खंडहर में मिला था बच्ची का शव
बैरागढ़ इलाके में गुरुवार रात 12 वर्षीय बच्ची घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। शुक्रवार को उसका शव कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित खंडहर में मिला था। इसके बाद से विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे।
भोपाल के बैरागढ़ में बच्ची की हत्या के दूसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। लोग थाने के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं।
भोपाल में 12 साल की बच्ची की गला घोंटकर हत्या
भोपाल के बैरागढ़ में 12 साल की बच्ची की हत्या कर दी गई। उसका शव कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे एक खंडहर में मिला। बच्ची के दोनों अगले दांत टूटे थे और शरीर के निचले हिस्से पर कपड़े नहीं थे। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था।