नई दिल्ली। दीवाली का त्योहार आते ही घर में मिठाइयों की भरमार लग जाती है। त्योहार के मौके पर हम थोड़ा-थोड़ा करते हुए काफी मिठाइयां खा लेते हैं और फिर गिल्ट होता है। कुछ हफ्तों पहले एक मरीज ने पूछा था कि क्या उसे अपनी फैमिली के दिवाली लंच में जाने से पूरी तरह बच जाना चाहिए।
उनका HbA1c 6.8 था। उन्हें खाने से डर नहीं लगता था, बल्कि खुद से डर था। उनका कहना था कि डॉक्टर साहब, एक बार खाने के बाद मैं रुक नहीं पाता। उनका प्लान था कि जगह बनाने के लिए वे एक दिन पहले व्रत रखेंगे। हालांकि, उनका ये प्लान मिठाइयां खाने से ज्यादा खतरनाक था।
क्या है फेस्टिव फूड एंग्जाइटी?
त्योहारों से जुड़े खान-पान का स्ट्रेस बहुत आम होता है, लेकिन इस पर शायद ही कभी खुलकर बात की जाती है। ये स्ट्रेस त्योहार के दौरान कैलोरी गिनने, शादी के बुफे से पहले डरने, डिनर के लिए जगह बनाने के लिए नाश्ता छोड़ने या फिर फेस्टिवल के बाद फास्ट रखने और कैलोरी कम करने जैसा दिखाई देता है।
डायबिटीज के नए मरीजों, वजन घटाने के प्रोग्राम से जुड़े लोगों या पूरे साल डाइटिंग से थक चुके लोगों के लिए त्योहार किसी टेस्ट जैसा लगने लगता है। इसके अलावा, गेस्ट की मेहमाननवाजी का भी प्रेशर होता है। खाने से मना करना उनके प्यार को ठुकराने जैसा लग सकता है।
खाने के गलत तरीके और उनका असर
स्ट्रेस अक्सर उसी तरह के खान-पान को बढ़ावा देता है, जिसका डर सबसे ज्यादा होता है। अगर आप पूरे दिन खुद को भूखा रखते हैं, तो स्ट्रेस में आप जरूरत से ज्यादा खा लेते हैं। यहां ये समझना जरूरी है कि एख मील आपके HbA1c को नहीं बदल सकता। यह लगभग तीन महीनों के ब्लड ग्लूकोज को दर्शाता है। असली परेशानी तब शुरू होती है जब त्योहार खत्म होने के हफ्तों बाद भी आप बची हुई मिठाइयां खाते रहते हैं।
कैसे निपटें इस समस्या से?
त्योहार के दिन सामान्य तरीके से ही खाना खाएं। प्रोटीन से भरपूर ब्रेकफास्ट जरूर करें, ताकि आपकी भूख कंट्रोल में रहे। आप खाने में क्या-क्या और कब-कब खा रहे हैं, इस पर भी ध्यान दें। डायबिटीज केयर में पब्लिश हुई एक स्टडी के मुताबिक, कार्बोहाइड्रेट से पहले सब्जियां और प्रोटीन खाने से ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है।
खाने में सबसे पहले दाल या पनीर खाएं और सबसे आखिर में मिठाइयां खाएं। इसके अलावा, हर मील के बाद 10 मिनट की सैर भी ब्लड में ग्लूकोज लेवल को कम करने में मदद करते हैं।
कब लेनी चाहिए डॉक्टर की सलाह?
अगर आपकी एंग्जायटी आपको लोगों से मिलने से दूर कर रहा है, आप छिपकर खा रहे हैं, या बाद में कई दिनों तक फास्ट रखकर, उल्टी करके या खुद को थका देने वाली एक्सरसाइज करके इसकी भरपाई कर रहे हैं, तो ये अब सिर्फ फेस्टिवल एंग्जायटी नहीं है। ऐसी स्थिति में अपने डॉक्टर से बात करें और उनकी बताई सलाह को फॉलो करें।