वेलिंगटन: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में भारत की प्लेइंग 11 को लेकर जमकर बवाल हो रहा है। खासकर मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को टीम से बाहर रखने पर कई दिग्गजों ने सवाल खड़े किए हैं। सिराज की जगह प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज के साथ जसप्रीत बुमराह को तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी दी गई, जबकि जडेजा की जगह वॉशिंगटन सुंदर को चुना गया। टीम के इस फैसले पर सुनील गावस्कर, रविचंद्रन अश्विन, हर्षा भोगले और वसीम जाफर समेत कई पूर्व क्रिकेटरों ने सवाल उठाए हैं।
इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 70 रन तक पहुंचा दिया। हालांकि, इसके बाद हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय गेंदबाजों ने शानदार साझेदारी की और टीम को मुश्किल से बाहर निकाला। इन दोनों के बीच 173 रन की साझेदारी के बाद सिराज और जडेजा को टीम से बाहर करने के फैसले पर चर्चा और तेज हो गई।
गावस्कर बोले- सिराज ने कभी टीम को निराश नहीं किया
पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने के फैसले से हैरान नजर आए। उन्होंने सोनी स्पोर्ट्स पर कहा कि सिराज को अंतिम वनडे में खेलने के बाद टेस्ट में भी मौका मिलने की उम्मीद थी। गावस्कर के मुताबिक, सिराज की गेंदबाजी में ऐसी कोई कमी नजर नहीं आई थी, जिसके चलते उन्हें टीम से बाहर रखा जाता। गावस्कर ने कहा, 'मुझे इस फैसले से हैरानी हुई। मुझे नहीं लगता कि सिराज ने कभी भारत को निराश किया है। उन्होंने कभी टीम को निराश नहीं किया। उनकी गेंदबाजी में कुछ गलत नहीं दिख रहा था। उनका रिदम अच्छा था और हाल में उन्होंने जो क्रिकेट खेली, उसमें भी वह ठीक नजर आए। उन्हें क्यों नहीं चुना गया, यह मैं नहीं समझ पा रहा हूं।'
अश्विन ने बताया फैसला 'बहुत कठोर'
पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी सिराज और जडेजा को बाहर रखने के फैसले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह फैसला काफी कठोर है और अब शायद यही न्यू नॉर्मल बनता जा रहा है। अश्विन ने चयन के ऐसे फैसलों को लेकर पहले भी चिंता जताई है। उनके इस पोस्ट को सिराज और जडेजा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को बाहर रखने के फैसले पर तंज के तौर पर देखा गया।
हर्षा भोगले और वसीम जाफर भी चयन से निराश
क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने सिराज को बाहर रखने पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि सिराज ने टीम से जो कुछ भी मांगा गया, उसे पूरा किया है। वह बुमराह की गैरमौजूदगी में गेंदबाजी आक्रमण को संभाल चुके हैं और टीम के सकारात्मक खिलाड़ी रहे हैं। भोगले ने उम्मीद जताई कि सिराज के साथ चयन को लेकर ईमानदारी से बातचीत की जाएगी। पूर्व भारतीय ओपनर वसीम जाफर ने कहा कि वॉशिंगटन सुंदर को जडेजा की जगह चुनने के फैसले को न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के बल्लेबाजों को देखते हुए समझा जा सकता है, लेकिन सिराज को बाहर रखना बिल्कुल चौंकाने वाला है।
बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने किया चयन का बचाव
भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने टीम मैनेजमेंट के फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा कि टीम ने उपलब्ध विकल्पों में से बेस्ट कॉम्बिनेशन चुना और सिराज को बाहर रखना किसी खराब प्रदर्शन या समस्या की वजह से नहीं था। कोटक ने कहा, 'सिराज के साथ कुछ भी गलत नहीं है। टीम मैनेजमेंट ने इस मैच के लिए जो सर्वश्रेष्ठ टीम संभव समझी, उसी का चयन किया। श्रीलंका की परिस्थितियां अलग थीं और सिराज वहां दोनों टेस्ट खेले थे।'
क्या थी मैनेजमेंट की सोच?
प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज को चुनने के पीछे गेंदबाजी की अलग-अलग खूबियों को ध्यान में रखा गया। कोटक ने बताया कि टीम को ऐसे गेंदबाज चाहिए थे जो सीम मूवमेंट, स्विंग और अतिरिक्त उछाल का फायदा उठा सकें। वेलिंगटन की पिच शुरुआत में नम और घास से भरी थी, ऐसे में लंबे कद के गेंदबाज से अतिरिक्त उछाल मिलने की उम्मीद थी। जडेजा की जगह वॉशिंगटन सुंदर को चुनने पर कोटक ने कहा कि न्यूजीलैंड की टीम में चार बाएं हाथ के बल्लेबाज होने के कारण ऑफ स्पिनर को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने यह भी बताया कि वॉशिंगटन बल्लेबाजी में योगदान देने की क्षमता रखते हैं। जडेजा को उन्होंने शानदार ऑलराउंडर बताया, लेकिन इस मुकाबले के लिए टीम को यह संयोजन बेहतर लगा। कोटक ने कहा कि टीम चुनते समय सिर्फ पहले दिन को नहीं, बल्कि टेस्ट के चार-पांच दिनों को ध्यान में रखा जाता है।
अंशुल कंबोज के चयन को स्कॉट स्टायरिस का समर्थन
न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर स्कॉट स्टायरिस ने भी अंशुल कंबोज के चयन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कंबोज उम्मीद से ज्यादा तेज गेंदबाजी करते हैं, गेंद को स्किड कराते हैं और सटीक गेंदबाजी के साथ सीम मूवमेंट भी हासिल कर सकते हैं। स्टायरिस के मुताबिक, न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में कंबोज सिराज की जगह उपयोगी साबित हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने सिराज के भारतीय टीम के लिए किए गए योगदान को भी स्वीकार किया और कहा कि सिराज को बाहर बैठने से निराशा जरूर होगी।