टीवी के पॉपुलर शो 'साराभाई वर्सेस साराभाई' और 'बा बहू और बेबी' से घर-घर में पहचान बनाने वाले एक्टर देवेन भोजानी एक बार फिर चर्चा में हैं। एक्टर ने अपनी जिंदगी के उस दौर के बारे में बताया है, जब उनका परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। कभी 10×12 के छोटे से कमरे में रहने वाले देवेन ने एक्टिंग में पहचान बनाने से पहले सोडा मशीन बेचने से लेकर रियल एस्टेट तक में काम किया। उन्होंने बताया कि गरीबी के दिनों में उनके परिवार को किस तरह की मुश्किलों और अपमान का सामना करना पड़ा।
सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में देवेन ने अपने बचपन, पिता के बिजनेस में हुए नुकसान, मां के संघर्ष और एक्टिंग करियर की शुरुआत से जुड़े कई किस्से शेयर किए। उन्होंने बताया कि 'मालगुडी डेज' से पहला ब्रेक मिलने के बाद भी उनकी जिंदगी आसान नहीं हुई थी। एक समय ऐसा भी था, जब सोडा मशीन बेचते हुए उन्हें लोगों के सामने शर्मिंदगी महसूस हुई। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार काम करते हुए अपनी जिंदगी बदली।
10×12 के कमरे में रहता था परिवार, पिता के बिजनेस में हुआ था नुकसान
देवेन भोजानी ने बताया कि उनका परिवार एक छोटे से 10×12 के कमरे में रहता था। उस एक कमरे में वह, उनकी बहनें और माता-पिता सभी साथ रहते थे। घर के बाहर एक कॉमन टॉयलेट था। उनके पिता ने एक पार्टनर के साथ बिजनेस शुरू किया था, लेकिन बाद में पार्टनर ने उन्हें धोखा दे दिया। इसकी वजह से परिवार को काफी आर्थिक नुकसान हुआ और घर की हालत और खराब हो गई।
मां से जुड़े किस्से को याद कर भावुक हो गए देवेन भोजानी
एक्टर ने अपनी मां से जुड़ा एक भावुक किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि एक बार उनके दूर के रिश्तेदार घर आए और उनकी मां को बच्चों के लिए केले देने लगे। मां ने विनम्रता से मना कर दिया, लेकिन जिस तरह से रिश्तेदार ने केले दिए, उससे उनकी मां को काफी बुरा लगा। इस घटना को याद करते हुए देवेन ने कहा, 'हमारे एक दूर के रिश्तेदार घर आए थे। वे केले लेकर आए और मेरी मां से कहा, ये ले लो, तुम्हारे बच्चे खा लेंगे। मेरी मां ने जवाब दिया, नहीं, मेरे बच्चों ने केले खा लिए हैं। आप ही रख लीजिए। लेकिन मेरी मां की आंखों में आंसू आ गए थे। वे केले ऐसे दे रही थीं मानो हम पर कोई एहसान कर रही हों।' देवेन ने बताया कि आज भी जब उनकी मां उन मुश्किल दिनों को याद करती हैं, तो भावुक हो जाती हैं। हालांकि, अब परिवार की स्थिति बदल चुकी है और उनके माता-पिता को उनकी उपलब्धियों पर गर्व है।
'मालगुडी डेज' से मिला था पहला एक्टिंग ब्रेक
देवेन भोजानी के एक्टिंग करियर की शुरुआत कॉलेज के दिनों में हुई थी। उन्हें पहला मौका पॉपुलर शो 'मालगुडी डेज' में मिला था। इस शो में काम करने के लिए उनका नाम महेंद्र जोशी ने सुझाया था, जो कॉलेज के थिएटर के दिनों से उन्हें जानते थे। दरअसल, दिवंगत फिल्ममेकर शंकर नाग की पत्नी अरुंधति नाग उस समय मुंबई में थीं। वह आर.के. नारायण की कहानियों पर आधारित एक एपिसोड में 'नित्या' का किरदार निभाने के लिए एक एक्टर की तलाश कर रही थीं। ऐसे में महेंद्र जोशी ने देवेन का नाम सुझाया और उन्हें इस रोल के लिए चुन लिया गया। उस समय देवेन की उम्र सिर्फ 17 साल थी। उनके लिए यह मौका किसी सपने से कम नहीं था।
'मालगुडी डेज' से मिला था पहली बार हवाई यात्रा का मौका
यह उनकी पहली हवाई यात्रा थी और उन्हें एक फाइव स्टार होटल में ठहराया गया था। शूटिंग के दौरान उनके लिए कार और एक अटेंडेंट की भी व्यवस्था थी। इससे पहले उन्होंने सिर्फ ट्रेन में सफर किया था और वह भी स्लीपर क्लास में। अपने उस अनुभव को याद करते हुए देवेन ने कहा, 'यह किसी सपने जैसा था। मैं सोचता रहता था कि क्या यह सब सच में हो रहा है, या फिर मैं जागूंगा और खुद को वापस अपने 10×12 के कमरे में पाऊंगा।' जब 'मालगुडी डेज' का वह एपिसोड टीवी पर प्रसारित हुआ, तो उनकी मां काफी भावुक हो गई थीं। उन्होंने पड़ोसियों को भी अपने बेटे का पहला टीवी काम दिखाने के लिए बुलाया था।
'मालगुडी डेज' के बाद बेचने लगे सोडा मशीन
पहला एक्टिंग ब्रेक मिलने के बाद भी देवेन भोजानी का करियर आसान नहीं रहा। एक्टिंग और थिएटर के साथ-साथ उन्हें दूसरे काम भी करने पड़े। उन्होंने सोडा बनाने वाली मशीनों की एक कंपनी में सेल्समैन के तौर पर काम किया। इसके बाद उन्होंने रियल एस्टेट में भी हाथ आजमाया। देवेन ने बताया कि सोडा मशीन बेचने के लिए उन्हें एक भारी बैग में मशीन के उपकरण लेकर लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। कई बार उनके पास बस का टिकट खरीदने तक के पैसे नहीं होते थे। एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि इस काम के लिए उन्हें हर महीने 1,000 रुपये सैलरी मिलती थी और इसके अलावा कमीशन भी दिया जाता था।
अरुंधति नाग ने सोडा मशीन बेचते हुए देखा तो शर्मिंदा हो गए थे देवेन
देवेन ने अपने संघर्ष के दिनों की एक ऐसी घटना भी शेयर की, जिसने उन्हें काफी प्रभावित किया था। उन्होंने बताया कि एक बार वह डिपार्टमेंटल स्टोर के बाहर सोडा मशीन का डेमो दे रहे थे, क्योंकि स्टोर के अंदर जगह नहीं थी। वहां से गुजर रहे कुछ लोग, जिनमें कॉलेज की लड़कियां भी शामिल थीं, उनका मजाक उड़ाने लगे। इसी दौरान अरुंधति नाग वहां पहुंच गईं, जिन्होंने कुछ महीने पहले ही उन्हें 'मालगुडी डेज' में काम दिया था। उन्हें इस तरह सोडा मशीन बेचते हुए देखकर देवेन काफी शर्मिंदा हो गए थे।
शर्मिंदा होकर बेचना छोड़ दिया था सोडा मशीन
घटना को याद करते हुए उन्होंने कहा, 'अरुंधति नाग, जिन्होंने मुझे मालगुडी डेज में काम दिया था, संयोग से उसी स्टोर पर आ गईं। उन्होंने मुझे देखा और पूछा, देवेन, तुम यहां क्या कर रहे हो? मुझे समझ नहीं आया कि क्या कहूं। जब उन्होंने पूछा कि क्या मैं सोडा बेच रहा हूं, तो मैंने कहा, नहीं, मैं यह मशीन बेच रहा हूं। यह कहते हुए मेरी आंखों में आंसू आ गए। मुझे बहुत शर्मिंदगी महसूस हुई। कुछ महीने पहले ही, शूटिंग के दौरान उन्होंने मेरे साथ बहुत अच्छा बर्ताव किया था, और अब वे मुझे यह काम करते हुए देख रही थीं। मैंने सोचा कि वे सोच रही होंगी कि शूटिंग के दौरान मुझ पर इतना पैसा क्यों खर्च किया गया, जबकि अंत में मैं यही काम कर रहा हूं।' देवेन ने माना कि अब उन्हें समझ आता है कि ईमानदारी से आजीविका कमाने में शर्मिंदगी की कोई बात नहीं है। हालांकि, उस समय इस घटना का उन पर इतना गहरा असर पड़ा कि उन्होंने सोडा मशीन बेचने की नौकरी छोड़ दी। इसके बाद उन्होंने रियल एस्टेट में काम करना शुरू किया।
'जो जीता वही सिकंदर' से बदली किस्मत
सोडा मशीन बेचने और रियल एस्टेट में काम करने के बाद देवेन भोजानी को फिल्म 'जो जीता वही सिकंदर' में काम करने का मौका मिला। मंसूर खान के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में उन्होंने 'घनशु' का किरदार निभाया था। खास बात यह है कि उन्होंने इस फिल्म में एक्टिंग के साथ-साथ असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर भी काम किया था। 'स्क्रीन' को दिए एक पुराने इंटरव्यू में देवेन ने बताया था कि आमिर खान उन्हें कॉलेज के थिएटर के दिनों से जानते थे। आमिर ने उनका काम 'काफिला' और 'मालगुडी डेज' में भी देखा था। उन्होंने ही यह सुनिश्चित किया था कि देवेन इस फिल्म का हिस्सा बनें। देवेन के लिए यह फिल्म उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुई। मंसूर खान को असिस्ट करने के दौरान उन्हें फिल्म डायरेक्शन की बारीकियां सीखने का मौका भी मिला। एक्टर के मुताबिक, इसी फिल्म ने एक एक्टर और फिल्ममेकर के तौर पर उनके सफर को नई दिशा दी।
शादी से पहले घर और कार खरीदना चाहते थे देवेन
'जो जीता वही सिकंदर' के बाद देवेन को एक्टिंग के और भी मौके मिलने लगे। हालांकि, जब उनके परिवार ने उनकी शादी की बात शुरू की, तो उन्होंने पहले आर्थिक रूप से मजबूत होने का फैसला किया। वह शादी से पहले अपना घर और एक कार खरीदना चाहते थे। देवेन ने बताया कि इसके बाद करीब ढाई साल तक उन्होंने अपने पास आने वाले लगभग हर काम को स्वीकार किया। उस दौरान वह इस बात की ज्यादा परवाह नहीं करते थे कि रोल कैसा है या स्क्रिप्ट कैसी है। उनकी प्राथमिकता सिर्फ इतनी थी कि वह अच्छी कमाई कर अपने लिए घर और कार खरीद सकें। इस दौरान वह एक दिन में दो से तीन शिफ्ट तक काम करते थे। लगातार मेहनत करने के बाद आखिरकार उन्होंने अपना घर और कार खरीद लिया।
'साराभाई' और 'बा बहू और बेबी' से मिली घर-घर पहचान
देवेन भोजानी एक्टर होने के साथ-साथ डायरेक्टर और राइटर भी हैं। उन्होंने कई पॉपुलर टीवी शोज और फिल्मों में काम किया है। 'साराभाई वर्सेस साराभाई' में दुष्यंत और 'बा बहू और बेबी' में गट्टू के किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। इसके अलावा वह 'जो जीता वही सिकंदर' और 'अग्निपथ' जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। उन्होंने 'साराभाई वर्सेस साराभाई' को डायरेक्ट भी किया है। हाल ही में देवेन भोजानी नेटफ्लिक्स के शो 'चुंबक' और परिणीति चोपड़ा की फिल्म 'रिपोर्टिंग लाइव' में नजर आए थे।
पत्नी जागृति भोजानी के साथ हुई अरेंज मैरिज
देवेन भोजानी की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने जागृति भोजानी से अरेंज मैरिज की थी। दोनों की शादी से पहले एक-दूसरे को समझने के लिए करीब एक साल का समय लिया था। एक पुराने इंटरव्यू में देवेन और उनकी पत्नी ने अपनी शादी के बारे में बात की थी। देवेन ने बताया था कि दोनों ने एक-दूसरे की आदतों और स्वभाव को समझने के बाद शादी का फैसला लिया था। वहीं, जागृति ने बताया था कि वह पहले से ही देवेन की फैन थीं और उनका शो 'देख भाई देख' देखा करती थीं। इस कपल की दो बेटियां हैं, जिनका नाम राही और माही है। देवेन ने यह भी बताया था कि टीवी इंडस्ट्री में लंबे शूटिंग शेड्यूल की वजह से वह परिवार को ज्यादा समय नहीं दे पाते थे। हालांकि, समय के साथ उन्होंने काम और परिवार के बीच संतुलन बनाना सीखा।