भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बड़ी घटना घटी है। घोड़े की लात लगने से एक 39 वर्षीय ठेकेदार की मौत हो गई है। मृतक अपने रिश्तेदार के बेटे की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहा था। इसी दौरान यह घटना घटी है। शादी के माहौल के बीच परिवार में चीख पुकार मच गई है।
घोड़े ने छाती पर मार दी लात

दरअसल, पंचशील नगर निवासी संतोष श्रवण जर्जर मकानों को तोड़ने का ठेका लेते थे। पिछले साल उन्होंने रिश्तेदार के बेटे को गोद लिया था। रिश्तेदार के बेटे की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े घोड़ों के बीच से निकलते समय एक घोड़े ने छाती पर जोरदार लात मार दी।


इलाज के दौरान हो गई मौत

गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है घोड़ों के अस्तबल में पहले भी लोगों और जानवरों पर हमले की घटनाएं हो चुकी हैं। घोड़े ने कुत्ते को भी लात मारी थी और उसकी मौत हो गई थी। टीटी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना के हालात और परिजनों के आरोप की जांच शुरू कर दी है।
बड़े-बड़े हैं घोड़े

अस्तबल में बंधे घोड़े काफी बड़े-बड़े हैं। पंशचील नगर के लोगों को कई बार उस रास्ते से गुजरना पड़ता है। थोड़ी सी चूक उनलोगों के लिए जानलेवा साबित होती है। लोगों ने बताया कि घोड़े ने जब दुलत्ती मारी तो सीधे छाती पर लगी। इसके बाद वह जमीन पर गिर गए। लेकिन अस्पताल में उनकी जिंदगी बचाई नहीं जा सकी है।


शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं

स्थानीय लोगों के मुताबिक इसे लेकर कई बार सीएम हेल्पलाइन और नगर निगम में शिकायत की गई है। मगर प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। घोड़ों का अस्तबल यहां से नहीं हटाया गया। मालिक ने दोनों तरफ घोड़े बांध रखे हैं और लोग बीच से गुजरते हैं।